• 28 Apr, 2025

जब गोरों से नहीं डरे तो चोरों से क्या डरना- सीएम बघेल

जब गोरों से नहीं डरे तो चोरों से क्या डरना- सीएम बघेल

सरगुजा संभागीय कांग्रेस सम्मेलन में सीएम का भाजपा पर हमला

अंबिकापुर। सीएम बघेल ने कहा कि बाधाएं आतीं हैं जाती हैं इसे चुनौती मानकर पार करना ही सफलता है। देश की आजादी के लिए हम गोरों से नहीं डरे तो इन चोरों से क्या डरेंगे।  देश को बांटकर अंग्रेजों ने दो सौ साल तक राज किया। आज ये भी  सांप्रदायिकता और धर्म के नाम पर लोगों में फूट डालकर राज करना  चाहते हैं, जो कभी सफल नहीं हो पाएगा। सीएम बघेल ने 13 जून मंगलवार को अंबिकापुर में आयोजित संभागीय कांग्रेस सम्मेलन में भाजपा पर हमला बोलते हुए उक्त बातें कही। 
     उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं यही हमारी सबसे बड़ी पहचान है। कांग्रेस का झंडा और संविधान ही हमारी नीति है। देश में फूट डालकर राज करने वाले अंग्रेजों को भगाने के लिए कांग्रेस के झंडे तले महात्मा गांधी से लेकर सभी क्षेत्रों के नेताओं ने देश को एकजुट किया और विजय हासिल की। उन्होंने कहा कि आज देश फिर एक बार उसी हालत से गुजर रहा है तो हमें एकजुट होना होगा। 
   सीएम बघेल ने कहा चाहे कोई भी चुनाव हो भाजपा साम्प्रदायिकता और धर्मांतरण को मुद्दा बनाकर सामने ले आती है मगर कर्नाटक में हमने इसका जवाब दिया है।  सीएम  ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने राम औऱ गाय को इनसे छीन लिया है। हमारे लिए यह आस्था, परंपरा और आर्थिक सुदृढ़ता का प्रतीक है। हम छत्तीसगढ़ में राम और गाय को पूजते हैं औऱ ये इनके नाम पर देश में वोट मांगते हैं। श्री बघेल 13 जून मंगलवार को दोपहर 12 बजे के लगभग हैलीकॉप्टर से कांग्रेस प्रभारी शैलजा, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत  व कैबिनेट मंत्री टी एस सिहंदेव के साथ  अंबिकापुर पहुंचे और कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन में हिस्सा लेकर शाम पांच बजे वापस रवाना हुए। 

महाराज को नहीं तोड़ पाए....कभी नहीं छोड़ूंगा कांग्रेस- टी एस सिंहदेवहमने व्यक्तिकेन्द्रित योजनाएं बनाई-सीएम
सीएम बघेल ने मंच से स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपाईयों ने बहुतों को तोड़ लिया पर महाराज को नहीं तोड़ पाए। उन्होंने कहा सत्ता आती-जाती रहती है पर पहचान सत्ता से नहीं विचारों से बनती है। महाराज साहब ने इसे साबित किया। अशोका होटल की बात तो हम भी नहीं जानते थे आज इन्होंने बता दिया। उन्होंने कहा कि यही पार्टी औऱ पूर्वजों के प्रति उनका कमिटमेंट है। आज महाराज ने मंच से अपनों के बीच बात कर खुद को हल्का कर लिया। परिवार में बहुत सी बातें होती हैं, महाराज साहब भूलना चाहते थे फिर भी लोग उन्हें भूलने नहीं देते थे। कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने मंगववार 13 जून को कांग्रेस सम्मेलन के मंच से खुद को लेकर चल रही अटकलों को विराम देते हुए कहा न तो वे भाजपा में जाएंगे औऱ न ही किसी और दल में। जीवन पर्यंत वे कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे। अगर उन्हें मौका मिला तो काम करेंगे और यदि नहीं मिला तो किसी और राजनीतिक दल में जाने के बजाय घर बैठना पसंद करेंगे। 
उन्होंने मंच से खुलासा किया कि दिल्ली के अशोका होटल में उनकी भाजपा नेताओं से मुलाकात हुई थी। लेकिन उन्होंने ने पहले से ही साफ कर दिया था कि वे कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे। श्री सिंहदेव ने सीएम भूपेश बघेल और उनके बीच संबंधों को लेकर चल रही अटकलों को भी विराम देते हुए कहा हम दोनों ने ही सार्वजनिक स्थानों पर एक दूसरे के प्रति गलत व्यवहार नहीं किया। हमने साथ रहकर भाजपा को हराया और आगे भी कांग्रेस की जीत सुनिश्चत करेंगे। 
सीएम बघेल ने कहा कि सरकार बनते ही हमने व्यक्ति केन्द्रित योजनाएं बनाईं ताकि सभी वर्ग आर्थिक रूप से मजबूत हो सकें। हमारी योजनाएं हर किसी तक पहुंची हैं। सरगुजा के तीनों मंत्री स्वास्थ्य, शिक्षा सहकारिता तथा खाद्य विभाग में न केवल अंतिम छोर तक पहुंचे हैं बल्कि देश के लिए भी मिसाल कायम किया है।सीएम ने कहा कि बाधाएं स्वाभाविक हैं, इसे चुनौती मानकर, एकजुट होकर हमें छत्तीसगढ़ में फिर से  सरकार बनानी है। हम इसमें सफल होंगे और देश के लिए मिसाल बनेंगे।