• 28 Apr, 2025

लोकसभा चुनावः कांग्रेस की पहली लिस्ट में छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों के 39 सीटों के प्रत्याशी घोषित

लोकसभा चुनावः कांग्रेस की पहली लिस्ट में छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों के 39 सीटों के प्रत्याशी घोषित

● राहुल गांधी वायनाड से लड़ेंगे, राजनांदगांव से भूपेश ● रायपुर से विकास और जांजगीर से डहरिया ..

नई दिल्ली . रायपुर। हमेशा की तरह चुनाव के बहुत पहले से भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय कमान ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी इसके बाद अब कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए 8 राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश की 39 लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इसमें केरल की वायनाड सीट से इस  बार भी राहुल गांधी का नाम है। इसके अलावा पार्टी ने छत्तीसगढ़ की 11 में से 6 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

राजनांदगांव से पूर्व सीएम भूपेश बघेल, जांजगीर चांपा से पूर्व मंत्री शिव डहरिया, महासमुंद से ताम्रध्वज साहू, रायपुर से विकास उपाध्याय, कोरबा से सांसद ज्योत्सना महंत और दुर्ग से राजेन्द्र साहू को टिकिट दिया गया है।

  कांग्रेस के संगठन मंत्री केसी वेणुगोपाल केरल में अलपुझा और शशि थरुर तिरुअनंतपुरम से चुनाव लड़ेंगे। इस सूची में मुख्य रूप से दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए ऐलान किया गया है। वेणुगोपाल ने बताया कि इनमें 15 सामान्य और 14 एससी, एसटी और ओबीसी  सहित अल्प संख्यक समुदाय से हैं। 
 

12 की उम्र में 50 से कम, सात प्रत्याशी 71 से 76 के बीच..

घोषित किए गए प्रत्याशियों में 12 की उम्र 50 से कम है और सात की 71 से 76 के बीच। कांग्रेस की पहली सूची भाजपा की पहली सूची आने के छह दिन बाद घोषित की गई है। पहली सूची में छत्तीसगढ़ की 6, कर्नाटक की 7 और तेलंगाना की 4 तथा मेघालय की 2, नगालैंड -सिक्किम-त्रिपुरा, लक्ष्यदीप की एक-एक सीट के प्रत्याशी घोषित किए गए हैं।  केरल की 20 सीटों में से 16  के प्रत्याशी घोषित किये गए हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस को 15 सीटें मिली थीं। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के भाई और मौजूदा सांसद डी के सुरेश को बेंगलूरू ग्रामीण से प्रत्याशी बनाया गया है। वी. गौड़ा (स्टार चंदू) मंड्या, गीता शिवराजकुमार- शिमोगा, आनंदा स्वामी गद्दादेवरा मठ को हावेरी  और एच आर अगगुरू को बीजापुर से टिकिट दिया गया है। 

210 करोड़ जुर्माने के खिलाफ कांग्रेस की अपील खारिज

आयकर अपीलीय अधिकरण ने पिछले सालों के टैक्स रिटर्न में विसंगतियों के लिए 210 करोड़ रुपये जुर्माना लगाने के खिलाफ कांग्रेस की अपील खारिज कर दी । कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा है पार्टी जल्द ही हाईकोर्ट जाएगी। कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेक तन्खा ने कहा कि अधिकरण इस संबंध में पिछले उदाहरणों का अनुकरण नहीं किया। 

कर्नाटक में चार प्रत्याशियों के टिकट कटे सुरेश को मौका...

कर्नाटक में कांग्रेस ने 28 में से 7 सीटों पर लोकसभा चुनाव के लिए नाम घोषिक किये हैं। इनमें से 2019 में उतारे गए चार प्रत्याशियों के टिकिट काट दिए गए हैं। पार्टी ने बीजापुर से एचआर अगलुर को उतारा है। ये सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। हसन सीट से श्रेयस पटेल को टिकट दिया गया है। मांड्या से पार्टी ने वेंकट रामगौड़ा उर्फ स्टार चंदू को टिकट दिया है। 
 

  • कहां किसका किससे होगा मुकाबला..

राजनांदगांव- भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री 

  • क्यों- . छत्तीसगढ़ियावाद का बड़ा चेहरा, पूर्व सीएम के रूप में बड़ा प्रभाव क्षेत्र है। 

    - मुकाबला - संतोष पाण्डेय , सांसद राजनांदगांव, (सामान्य)

महासमुंद- ताम्रध्वज साहू, पूर्व गृह मंत्री

  • क्यों- . साहू बहुल इलाका है। समाज के बड़े नेता हैं। ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं। 

    - मुकाबला- रूप कुमारी चौधरी- पूर्व विधायक ( ओबीसी) 

जांजगीर-चांपी-शिव डहरिया, पूर्व मंत्री

  • क्यों- सतनामी समाज के बड़े नेता, इस सीट से पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। 

    - मुकाबला- कमलेश जांगड़े, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ( जांजगीर चांपा)

रायपुर- विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक

  • क्यों-. अभा कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव, आलाकमान से नजदीकी, सक्रियता के चलते मिला मौका।

    - मुकाबला- विकास उपाध्याय- बृजमोहन अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री, रायपुर (सामान्य)

कोरबा-ज्योत्सना महंत, सांसद 

  • क्यों- . सांसद के रूप में अच्छी छवि,नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के प्रभाव का क्षेत्र।

    - मुकाबला- डॉ.सरोज पाण्डेय, पूर्व राज्यसभा सांसद, कोरबा ( सामान्य) 

दुर्ग- राजेन्द्र साहू, महामंत्री

  • क्यों-.साहू समाज के नेता, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष, भूपेश के करीबी। 

    - मुकाबला- विजय बघेल, सांसद, दुर्ग ( ओबीसी)