• 28 Apr, 2025

किसानों को धान के अंतर की राशि 12 मार्च को देंगे -सीएम साय ..

किसानों को धान के अंतर की राशि 12 मार्च को देंगे -सीएम साय ..

● 24.72 लाख किसानों को बांटे जाएंगे 13 हजार करोड़ रुपये.. ● मिलेगा वादे के अनुरूप किसानों को उनके हक का वाजिब दाम ● पत्थलगांव में लिंक कोर्ट स्थापित करने सहित अन्य घोषणाएं भी की

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में खरीफ फसल के विपणन वर्ष 2023-24 में खरीदे गए धान के अंतर की राशि लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का भुगतान 12 मार्च को किसानों को किया जाएगा। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय फरसाबहार विकासखंड के अंतर्गत ग्राम तामामुड़ा में स्थित गिरी गोवर्धन धाम के सार्वजनिक सांस्कृतिक मंडप सहित अखिल भारतीय यादव महाकुल (यादव) समाज लोकार्पण समारोह के दौरान घोषणा की।

सीएम साय ने कहा कि इस साल हमने रिकार्ड धान खरीदी की है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी संकल्प पत्र -मोदी की गारंटी में कहा था - यदि पार्टी जीतती है तो राज्य के किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेंगे। धान खरीदने के एवज में किसानों को 31 हजार 913 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया गया है। अब अंतर की राशि करीब 13 हजार करोड़ रुपये की राशि का भुगतान एक मुश्त किसानों को किया जाना है।

छ्त्तीसगढ़ में खरीफ फसल विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर 21 क्विंटल प्रति एकड़ और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 24.72 लाख किसानों से 144.92 लाख मिट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की गई। मोदी की गारंटी में 3100 रुपये प्रति क्विंटल में धान खरीदी का वादा किया गया है। उसी हिसाब से किसानों का भुगतान  होगा।

  • तेंदूपत्ता खरीदी , चरणपादुका और छात्रवृत्ति भी -

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आने वाले 15 दिनों में तेंदूपत्ता की खरीदी समर्थन मूल्य में हो जाएगी। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए चरणपादुका और बच्चों के लिए छात्रवृत्ति प्रारंभ की जाएगी। हम मोदी की गारंटी के तहत लोगों के सपनों को साकार करने का काम कर रहे हैं। राज्य सरकार ने ढाई महीने के अल्प समय में छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर  ले जाने का काम किया है। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किये गए हैं। हम महतारी वंदन योजना के माध्यम से माताओं को आर्थिक रुप से सशक्त करने का काम कर रहे हैं।  इस अवसर पर सीएम साय ने पत्थलगांव में लिंक कोर्ट प्रारंभ करने सहित कई अन्य जनहित की घोषणाएं भी कीं।

  •  मोटा धान पर 917 रुपये और पतला धान पर 897 रुपये प्रति क्विंटल अंतर राशि -

केन्द्र सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2023 -24 के लिए समर्थन मूल्य धान कॉमन 2183 रुपये व धान ग्रेड ए 2203 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसी हिसाब से किसानों को खरीदे गए धान के एवज में भुगतान किया गया है।  यानी 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से किसानों को धान कॉमन ( मोटा) के लिए 917 रुपये व धान ग्रेड ए ( पतला ) के लिए 897 रुपये प्रति क्विंटल अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा।