• 28 Apr, 2025

छग की बची चार सीटों पर कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार

छग की बची चार सीटों पर कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार

● सरगुजा से शशि, रायगढ़ से मेनका, कांकेर से बीरेश ठाकुर व बिलासपुर से देवेन्द्र यादव को टिकट....

रायपुर। लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार 27 मार्च को कांग्रेस ने तीसरी सूची जारी की । छत्तीसगढ़ की बची हुई चार सीटों के लिए कांग्रेस ने जो सूची जारी की है इसमें दो महिलाओं के नाम हैं। शशि सिंह को सरगुजा से और डॉ. मेनका देवी सिंह को रायगढ़ से टिकट दिया गया  है। वहीं बिलासपुर से विधायक देवेन्द्र सिंह को उतारा  गया है। दूसरी ओर कांकेर से एक बार फिर पार्टी ने बीरेश ठाकुर पर भरोसा दिखाया है।

इससे पहले तक कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से कुल सात सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की थी। वहीं भाजपा ने काफी पहले से चुनाव की तारीखों की घोषणा से भी पहले सभी 11 सीटों के लिए उम्मीदवारों की 
घोषणा कर दी थी। अब कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों की घोषणा के बाद प्रदेश में मुकाबले की स्थिति साफ हो गई है। बिलासपुर सीट में भाजपा के तोखन साहू के सामने कांग्रेस ने भिलाई के युवा विधायक देवेन्द्र यादव को प्रत्याशी बनाया है।

देवेन्द ईडी के छापे के बाद विवादों में आए थे। साहू बहुल इलाके में यादव को प्रत्याशी बनाकर कांग्रेस ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। माना जा रहाहै कि पार्टी ने  युवा और जुझारु छवि के कारण यादव को बिलासपुर से मौका दिया है। 
दूसरी तरफ यह भी कहा जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी होने के कारण यादव को मौका दिया गया है।

  • सरगुजा सीट पर शशि को मौका --

    प्रदेश के आदिवासी बहुल सरगुजा सीट पर कांग्रेस की ओर से पहले तो प्रबल दावेदार पूर्व मंत्री अमरजीत भगत थे लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों और छापों के कारण पार्टी ने उनसे किनारा करना ही उचित समझा। वहीं भाजपा के हमलावर रुख को देखते हुए कांग्रेस यहां बदाग छवि वाले उम्मीदवार की तलाश में थी। ऐसी स्थिति में पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की बेटी शशि  सिंह को पार्टी ने सरगुजा से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। शशि सिंह वर्तमान में जिला पंचायत सभापति हैं। पूर्व सांसद और विधायक खेल साय सिंह इनके दादा हैं।
     
  • सारंगढ़ राज परिवार पर भरोसा-

रायगढ़ सीट पर कांग्रेस ने सारंगढ़ राजपरिवार पर भरोसा जताया है। डॉ. मेनका देवी सिंह रायगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस की अनुसूचित जनजाति ( एसटी ) प्रत्याशी हैं। चार दशकों से कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हैं और समाजसेवा में योगदान दे रही हैं। उन्हें 2014 में कांग्रेस ने रायगढ़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था लेकिन बाद में उनका नाम बदल दिया गया था। डॉ.मेनका देवी सिंह की पृष्ठभूमि राजनीतिक परिवार की ही है। उनकी मां स्व ललिता देवी सिंह पुसौर विधानसभा सीट से 1969 में निर्विरोध विधायक चुनी गईं थीं।
 

बैज और मरकाम को पछाड़ कर बीरेश ने मारी बाजी-

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के साथ ही पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम की दावेदारी के बीच बीरेश ठाकुर कांकेर टिकट हासिल करने में कामयाब रहे। पिछले चुनाव में करीब 7 हजार वोटों से पराजित बीरेश को पार्टी ने दोबारा अवसर दिया है। माना जा रहा है कि अंतरविरोध से बचने के लिए ही कांग्रेस ने बीरेश के नाम को प्राथमिकता दी।