• 07 Mar, 2026

किसानों के खातों में 13 हजार 320 करोड़ रुपए पहुंचे

किसानों के खातों में 13 हजार 320 करोड़ रुपए पहुंचे

● सीएम विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना का बालोद से किया शुभारंभ, 24.72 लाख किसानों को लाभ ● मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव राजनांदगांव के कार्यक्रम में शामिल हुए ● पीएम मोदी की एक और गारंटी पूरी हुई- सीएम साय ने कहा ● धान के अंतर का पैसा किसानों को एक मुश्त मिला

बालोद। रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी कृषक उन्नति योजना की शुरुआत  बालोद के सरयूप्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में हजारों किसानों और ग्रामीणों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों हुई।  सीएम साय ने कुल 24.72 लाख किसानों को योजना के तहत 13, 320 करोड़ रुपये की आदान राशि (धान के अंतर की राशि सीधे )किसानों के खातों मेंअंतरित की।

  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव राजनांदगांव के कार्यक्रम में सीएम साय के साथ शामिल हुए साथ ही बालोद में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को भी उन्होंने संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने छत्तीसगढ़ के किसानों से 3100 रुपये क्विंटल की दर से धान खरीदी की गारंटी दी थी। इसे पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना की बालोद से ही शुरुआत हुई है।

   इस योजना के तहत किसानों को धान के अंतर की राशि उनके बैंक खातों में देने के लिए राज्य के सभी जिला मुख्यालयों और विकासखंड मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा  कि प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों के बैंक खातों में  आदान सहायता राशि का अंतरण किया जा रहा है।  इनमें 24.72 लाख किसान वे किसान हैं जिन्होंने इस साल  समर्थन मूल्य पर धान बेचा था। इसी तरह 2829 धान बीज उत्पादक किसानों को भी अंतर की राशि 31 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा रहा है। श्री साय ने कहा कि किसानों से किए गए वादे के अनुरूप प्रति एकड़ 21 क्लिंटल धान की खरीदी करने के साथ ही 2 साल के बकाया बोनस 3716 करोड़ का भुगतान भी किया जा चुका है। 

छत्तीसगढ़ में हो रही है धन की बरसात -मोहन यादव

वर्चुअल माध्यम से जुडे़ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मोदी जी हर विभाग के लिए जनता के हित में बहुत पैसे दे रहे हैं। इन पैसों को खर्च करने में हमारे पसीने छूट जाते हैं। छत्तीसगढ़ का विकास अब जेट गति से आगे आएगा। छत्तीसगढ़ की जनता ने तो अच्छे -अच्छे गणित फेल कर दिये हैं। छत्तीसगढ़ की नई सरकार के गठन के महज तीन महीनों में ही विकास का काम बहुत आगे बढ़ा है। ऐसा लग रहा है मानों छत्तीसगढ़ में धन की बरसात हो रही है।  

18 लाख पक्के आवास अप्रैल से बनेंगे- सीएम साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने गारंटी दी थी कि गरीबों के लिए 18 लाख आवासों का निर्माण किया जाएगा। सरकार बनने के दूसरे दिन ही हमने कैबिनेट की बैठक में इस बारे में निर्णय ले लिया है। अप्रैल माह में तेजी से इस योजना के मकान बनने शुरू हो जाएंगे। श्री मोदी ने विवाहित महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना शुरू करने की गारंटी दी थी, यह योजना भी जोर-शोर से शुरू हो चुकी है।