• 07 Mar, 2026

रायगढ़ में भरोसे का सम्मेलन, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे पीएम पर हमलावर सब बेच रहे हैं पीए मोदी – खरगे

रायगढ़ में भरोसे का सम्मेलन, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे पीएम पर हमलावर सब बेच रहे हैं पीए मोदी – खरगे

• कांग्रेस ने जो संस्थाएं खड़ी की उसे खराब कर रहे • मोदी दूरदर्शन, केन्द्र के मंत्री तक बात नहीं कर सकते • संकेत- अब मोदी पर हमले और तेज करेगी कांग्रेस

 रायगढ़। चुनावी सभाओं में प्रमुख पार्टियां आचार संहिता के लगने के ठीक पहले अब और ज्यादा हमलावर हो रही हैं। बुधवार चार अक्टूबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रायगढ़ के कोडाताराई में  आयोजित भरोसे के सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस ने जो दशकों से संस्थान खड़े किए हैं भाजपा इन्हें बेच रही है या कि खराब कर दे रही है।  खरगे ने सीधा कहा कि नगरनार प्लांट को सरकार चलाए तो गरीबों को कुछ मिल जाएगा लेकिन यदि यह निजी हाथों में गया तो सब उनको ( प्रधानमंत्री ) को मिलेगा। 

     खरगे ने पीएम मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा-  प्रधानमंत्री झूठों के सरदार हैं। वे जहां जाते हैं सिर्फ झूठ बोलते हैं, कांग्रेस को कोसते हैं। छत्तीसगढ़ सरकार को सताया जा रहा है। केन्द्र सरकार को केवल दो ही लोग चला रहे हैं मोदी और अमित शाह। बाकियों को कुछ भी पता नहीं होता। मोदी तो दूरदर्शन हैं मुख्यमंत्री और केन्द्र सरकार के मंत्री उनसे बात नहीं कर सकते। सिर्फ दूर से दर्शन करते हैं। यह लोकतंत्र नहीं है। पार्टी अध्यक्ष खरगे रायगढ़ सम्मेलन में मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल और उनके मंत्रियों के साथ पहुंचे थे। 

    आमसभा में पहले खरगे ने राज्य सरकार के विभागों के स्टॉल्स देखे उन्होंने प्रदेश के 82 ब्लाक्स में 25-25 लाख रुपये से बनने वाले जैतखाम के बटन दबा कर शिलान्यास किया। योजनाओं के 3088 लाभार्थियों को 9 करोड़ 8 लाख 35 हजार रुपये की सामग्री व सहायता राशि बांटी गई। 
 

पीएम फिर झूठ बोलेंगे उम्मीद नहीं थी-  सीएम भूपेश बघेल..

 भरोसे के सम्मलेन में सीएम भूपेश बघेल ने कड़े तेवर दिखाए और केन्द्र से लेकर पूर्ववर्ती डॉ रमन सरकार पर हमले किए। पीएम के बयान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा बोनस तो भाजपा की सरकार ने नहीं दिया था। रमन सरकार एक एकड़ पर दस क्विंटल धान खरीदती थी हम बीस क्विंटल खरीदेंगे। पीएससी में कथित घोटाले पर कहा कि अगर केन्द्र सरकार को अफसरों के बेटों के चयन से तकलीफ है तो वे संसद से पास करके अलग कानून क्यों नहीं बना लेते।  सीएम बघेल ने कहा कि हमें उम्मीद नहीं थी कि पीएम मोदी फिर झूठ बोलकर जाएंगे। वे यहां आकर छत्तीसगढियों का अपमान करके जाते हैं। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, विधानसभा स्पीकर चरणदास महंत, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, उच्च  शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत और नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया आदि थे। 

वह सब जो जानना चाहिए हमें

  • निशाना केवल प्रधानमंत्री मोदी- खरगे ने अपने वक्तव्य में दो दर्जन से ज्यादा बार पीएम मोदी पर निशाना साधा केन्द्र सरकार पर कई मामलों में तीखे आरोप लगाए।
  • परिवारवाद – जिक्र मनमोहन सिंह का-
    परिवारवाद के आरोपों पर कहा कि सब 2004 से सोनिया गांधी को पीएम बनाना चाहते थे पर उन्होंने डॉ मनमोहन सिंह जी को पीएम बनाया। 
  • तरफदारी – प्रदेश सरकार की- 
    प्रदेश सरकार पर पीएम मोदी और भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज किया। यह भी कहा कि भूपेश सरकार को सताया जा रहा है।  

पहली बार पीएम के खिलाफ तल्ख टिप्पणियां
खरगे ने छत्तीसगढ़ में पहली बार अपने किसी संबोधन में पीएम मोदी के खिलाफ तल्ख टिप्पणियां करते हुए उन्हें झूठों का सरदार कह दिया। यही नहीं यह भी पहली बार कहा कि केवल मोदी और शाह ही केन्द्र की सरकार चला रहे हैं। 

कितनी भीड़ रही होगी – कोडातराई हवाई स्ट्रीप 22 एकड़ का, क्षमता 60 हजार लोगों की।  कांग्रेस का दावा- एक लाख लोगों से अधिक लोग जुटे रहे होंगे  पर सरकारी एजेंसियों का अनुमान कहता है कि 60 हजार लोग पंडाल के भीतर रहे होंगे।