• 07 Mar, 2026

जीवन में कुछ 'काश' बने रहने चाहिए..

जीवन में कुछ 'काश' बने रहने चाहिए..

प्रकृति संतुलन के सिद्धांत पर काम करती है। सबको सब कुछ देकर, कहीं सबकुछ ख़ाली कर देना ये नियम वहां नहीं चलता।

जीवन में कुछ 'काश' बने रहने चाहिए..
 
लकी राजीव
लकी राजीव


अगर मैं कहूं कि मुझे कोई कमी नहीं तो ये झूठ होगा लेकिन अगर मैं कहूं कि उस कमी के चलते मेरी रातों की नींद उड़ गयी, ईश्वर को कोसा या फिर ख़ुशी से बैर पाल लिया...तो ये भी झूठ होगा। 

(इसका कारण है, कभी भी उधर की घास इतनी हरी दिखी नहीं कि इधर शिकायत उगने लगे..ऐसा नहीं कि दूसरों के सुख से सुख नहीं हुआ, ख़ूब हुआ लेकिन ये कभी नहीं लगा कि हाय, ये सब मेरी ज़िंदगी में क्यों नहीं?)
 
हमको बस उतना ही पता रहता है जितना बताया जाता है, हम ख़ुद अपना सौ प्रतिशत सच बांटना नहीं चाहते, दूसरा कैसे हमें सब बताएगा?
 
  • हमको पता ही नहीं कि करोड़ों के पैकेज पर ऐश करता दिखता आदमी रात को स्लीपिंग पिल लिए बिना सो नहीं पाता! 
  • वो लड़की जो पूरे शहर की लड़कियों की आदर्श है,सब कहती हैं कि किस्मत हो तो आपके जैसी तब वो सोचती है "नहीं नहीं,मेरे जैसा संघर्ष किसी को न मिले"
  • कोई बच्चा इतना होशियार हो कि उसके पैरेंट्स की किस्मत चर्चा का विषय बनी रहती हो, सब चाहते हैं कि उनका बच्चा भी ऐसा ही निकले..जबकि सच्चाई ये निकले कि इसी दबाव के चलते वो पैरेंट्स खुश रहना भूल चुके हैं।
  • एक परिवार जो इतना ख़ुश दिखता है कि उनकी फेसबुक तस्वीरें/व्हाट्सएप स्टेटस आपको खीजने की हद तक बेचैन किए रहते हैं..आपको पता ही नहीं उनके जीवन में इन तस्वीरों के साथ अवसाद भी अक्सर डेरा डाले रहता हो!
 
सब कुछ,सबके पास नहीं होता..पता नहीं कौन सी हसरत पूरी होते-होते, कोई हिस्सा ख़ाली कर जाए और एक नया 'काश' जन्म लेने लगे...
प्रकृति संतुलन के नियम पर चलती है,
कुछ 'काश' बने रहने चाहिए!