• 07 Mar, 2026

कॉलेजों में अगले साल से छात्रसंघ चुनाव का सीएम का एलान

कॉलेजों में अगले साल से छात्रसंघ चुनाव का सीएम का एलान

• बात हे स्वाभिमान के हमर पहली मतदान के – एनएसयूआई का चुनाव पूर्व अभियान | • सीएम भूपेश ने कहा –छात्र केवल नारों तक सीमित न रहें राजनीति में आएं, चुनावों में हिस्सा लें | • पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं के सवालों का दिया मुख्यमंत्री ने जवाब |

रायपुर।  चुनाव के ठीक पहले जैसा कि सभी सियासी दलों की तैयारियां शुरू हो जाती हैं इसमें अपने अपने तरीकों  से मतदाताओं की नब्ज टटोलने और उन्हें अपने पक्ष मे करने की कोशिशें होती हैं। पिछले दिनों 26 जुलाई को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं के बीच जाकर उनसे सीधी चर्चा की। उन्होंने एनएसयूआई के अभियान- बात हे स्वाभिमान के, हमर पहली मतदान के, की शुरूआत की । इसी मौके पर सीएम बघेल ने प्रदेश के महाविद्यालयों में आगामी शिक्षा सत्र से छात्रसंघ चुनाव कराने का एलान कर दिया। इसके साथ ही कॉलजों में छात्रसंघों का चुनाव कराने की एनएसयूआई की पुरानी मांग भी पूरी हो गई। 

     कांग्रेस की छात्र ईकाई एनएसयूआई के अभियान की शुरूआत के समय युवाओं ने मुख्यमंत्री से कुछ ज्वलंत सवाल भी पूछे। उन सभी सवालों का सीएम बघेल ने बहुत ही सहजता से जवाब दिया। छात्रसंघ कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव की घोषणा को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ कर भी देखा जा रहा है। इससे कांग्रेस की छात्र इकाई से कई नेताओं को छात्रसंघ चुनावों से नया मंच मिलेगा। उल्लेखनीय है कि राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। विद्यार्थियों को उनकी अकादमिक उपलब्धियों उनके अंकों के आधार पर मनोनीत किया जाता रहा है। 

राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए सीएम बघेल ने कॉलेजों में छात्रसंघ चुनावों की घोषणा कर दी। सीएम ने कहा कि इस अभियान के साथ एनएसयूआई प्रदेश के सभी कॉलेजों में पहली बार के मतदाताओं तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि छात्र केवल नारों तक ही सीमित न रहें उन्हें राजनीति में प्रवेश करना चाहिए। उन्हें चुनाव में भागीदारी करनी चाहिए।  

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमारा देश भारत देश दुनिया में औसत आयु में सबसे युवा देश है। इतिहार गवाह है कि युवाओं के काम से ही देश और दुनिया में बड़े और क्रांतिकारी बदलाव हुए है। एनएसयूआई ने जो अभियान चलाया है उसमें कार्यकर्ताओं की भी बड़ी अहम भूमिका रही है। मुझे उम्मीद है कि इस अभियान से लाभ होगा और आने वाले समय में दोबारा  हमारी सरकार बनेगी।  बीते हुए 2018 के विधानसभा चुनाव में भी एनएसयूआई ने हम बदलेंगे राजनीति नामक अभियान चलाया था और हमें जीत हासिल हुई थी। हमें फिर भरोसा है कि ये अभियान 2023 के चुनाव में सफलता की कहानी लिखेगा। सीएम  ने कहा कि युवाओं को शिक्षा पर फोकस करना चाहिए और महापुरूषों की जीवनी पढ़नी चाहिए। महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलना चाहिए।

  • घोषणा से विद्यार्थियों में जोश 

सीएम के छात्रसंघ चुनाव का ऐलान करते ही विद्यार्थियों में जोरदार उत्साह और जोश का संचार हुआ । वहां मौजूद विद्यार्थी नारे लगाने लगे। एनएसयूआई अध्यक्ष नीरज पांडे ने छात्रसंघ चुनाव की घोषणा करने पर उनका आभार व्यक्त किया। नीरज ने कहा कि इससे छात्रों को राजनीति में आगे आने का अवसर मिल सकेगा। नए जनप्रतिनिधि तैयार हो सकेंगे।  सोशल मीडिया संयोजक संकल्प मिश्रा ने कहा छात्र और सक्रियता के साथ बेहतर राजनीति के लिए काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को राजनीति में आगे आने का एक बड़ा अवसर दिया है।